डॉ उदय शंकर भगत
वाराणसी (उत्तर प्रदेश): काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। संकाय परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक व धार्मिक समारोह में प्राध्यापकों, अधिकारियों व छात्र-छात्राओं की भारी भागीदारी रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संकाय प्रमुख प्रो. सुनील कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन आकांक्षा मिश्रा ने कुशलतापूर्वक संभाला। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप और जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर प्रो. अलका रानी, प्रो. रश्मि चौधरी, प्रो. आकाश रंजन, प्रो. दीपा मेहता, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. नागेंद्र कुमार, मीनाक्षी सिंह, छात्रावास संरक्षक राजेंद्र प्रसाद और मुदित पांडे सहित संकाय के अनेक वरिष्ठ सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समारोह का समापन प्रसाद वितरण व राष्ट्रगान के साथ हुआ।


0 टिप्पणियाँ